संविदा कर्मियों के पारिश्रमिक में वृद्धि, बकाया एरियर भुगतान और नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर उठेगी आवाज

आजमगढ़। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं क्षेत्रीय आह्वान पर शुक्रवार, 27 नवंबर को आजमगढ़ क्षेत्र के प्रत्येक बस स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक निर्धारित है। परिषद के क्षेत्रीय मंत्री वेद प्रकाश पाण्डेय ने इसकी जानकारी देते हुए कर्मचारियों से निर्धारित समय पर धरने में शामिल होने की अपील की है।

परिषद की ओर से जारी मांग-पत्र में निगम स्तरीय और शासन स्तरीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है। इसमें संविदा चालकों और परिचालकों के पारिश्रमिक में बढ़ोतरी, प्रोत्साहन राशि में कटौती बंद करने तथा निर्धारित किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर अतिरिक्त भुगतान की मांग शामिल है। संविदा परिचालकों को वरिष्ठता का लाभ देने, संविदा एवं आउटसोर्स कर्मियों के लिए सेवा नियमावली बनाने और लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों के चरणबद्ध नियमितीकरण की मांग भी की गई है।

परिषद ने संविदा कर्मियों को ईएसआई और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, ईपीएफ कटौती की सीमा समाप्त कर कुल पारिश्रमिक पर कटौती करने तथा अनुचित वेतन कटौतियों पर रोक लगाने की मांग की है। दुर्घटना या गंभीर बीमारी के कारण चिकित्सकीय अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों को उत्कृष्ट और उत्तम श्रेणी से बाहर न करने तथा मृतक आश्रितों को संविदा पर नियुक्त करने की पूर्व व्यवस्था बहाल करने की भी मांग उठाई गई है।

इसके अलावा सातवें वेतनमान के बकाया एरियर का भुगतान, महंगाई भत्ते की लंबित किश्तों का निस्तारण, रात्रि एवं दिन हाल्ट भत्ते तथा किलोमीटर भत्ते की दरों में संशोधन, कार्यशालाओं का आधुनिकीकरण और नियमित कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा देने की मांग की गई है।

शासन स्तर पर राष्ट्रीयकृत मार्गों पर अवैध बस संचालन और डग्गामारी पर रोक, संविदा कर्मियों को नियमित नियुक्ति, रिक्त पदों को नियमित भर्ती से भरने तथा ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा बढ़ाने समेत कई मुद्दे मांग-पत्र में शामिल हैं।

परिषद ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *