सी विजिल ऐप से करें आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत

ब्यूरो हामिद अली,
गोण्डा, 07 अप्रैल , 2024 – उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के दौरान आदर्श आचार संहिता और निर्वाचन व्यय सम्बन्धी उपबन्धों के उल्लंघनों की शिकायत दर्ज करने के लिए सी विजिल एप विकसित किया गया है। सी विजिल ऐप का अर्थ है जागरूक नागरिक और यह स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन के संचालन में नागरिकों की सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका पर जोर देता है। सी विजिल ऐप एक उपभोक्ता अनुकूल मोबाइल एप्लीकेशन है जिसे संचालित करना आसान है, जिसका उपयोग वर्तमान संसदीय निर्वाचन की घोषणा की तारीख से उल्लंघनों की रिपोर्टिंग के लिए किया जा सकता है। इस ऐप की विशेषता यह है कि यह केवल लाइव फोटो/वीडियों और ऑटो लोकेशन ही कैप्चर करता है ताकि निगरानी टीम को समयबद्ध तरीके
से कार्य करने के लिए डिजिटल साक्ष्य मिलना सुनिश्चित हो सके। इस ऐप को ऐसे किसी भी स्मार्ट फोन में इंस्टॉल किया जा सकता है जिसमें कैमरा, इण्टरनेट कनेक्शन और जीपीएस एक्सेस हो। इस एप्लीकेशन का उपयोग करके आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की घटनाओं को देखते ही तत्काल इसकी रिपोर्ट कर सकते है, और इसके लिए उन्हे रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में भी नहीं जाना पड़ेगा। यह ऐप निगरानी दलों के साथ जुड़ा है जिससे एक तीव्र और सटीक रिपोर्टिंग, कार्यवाही और निगरानी प्रणाली का निर्माण होता है। शिकायत दर्ज करने से पहले आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वाली गतिविधि की केवल एक तस्वीर या दो मिनट का वीडियों और संक्षिप्त में इसका वर्णन कर दें। शिकायत के साथ कैप्चर की गयी जानकारी स्वतः ही जिला नियंत्रण कक्ष में चली जाती है जिससे निगरानी दल को कुछ ही मिनटों में घटना स्थल पर भेज दिया जाता है। सी विजिल ऐप के माध्यम से दर्ज की गयी शिकायतों का निस्तारण 100 मिनट में किया जाता है। यह ऐप वेबसाइट https://cvigil.eci.gov.in/theme/user-manual.html से तथा गूगल प्ले स्टोर एवं ऐप्पल स्टोर से भी निःशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *