आजमगढ़। भीषण गर्मी और लू चलने के कारण जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया है। अब जिले में नर्सरी से आठ तक के सभी विद्यालय सुबह 7 बजे से 12.30 बजे तक चलेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर की ओर से शनिवार को देर शाम इसका आदेश भी जारी कर दिया गया है। बीएसए समीर ने बताया कि तेज धूप और गर्म हवाओं से मौसम बदल गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। डॉक्टरों के मुताबिक, गर्म हवाओं के साथ मौसम में हो रहे बदलाव से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा है। अप्रैल महीने के दूसरे सप्ताह के बाद से ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। धूप के साथ गर्म हवाएं भी चल रही हैं। तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जारी यह आदेश परिषदीय, राजकीय, सीबीएसई, यूपी बोर्ड, आईसीएससी बोर्ड सहित सभी निजी, सरकारी विद्यालयों में लागू होगा। सभी को इसका कड़ाई से अनुपालन करने को कहा गया है।
