आजमगढ़ के तहबरपुर थाना क्षेत्र के धनिया कुंडी गांव स्थित मौनी बाबा की कुटी पर पशु तस्करों की निगाहें हैं। सोमवार की रात पिकअप से आठ तस्कर पहुंचे और पशुओं को ले जाने की कोशिश करने लगे। इस दाैरान होमगार्ड और पुलिसकर्मियों के पहुंचने पर तस्करों ने पथराव कर दिया।लोगों के अनुसार, घटना में एक पुलिसकर्मी जख्मी हो गया और पुलिसकर्मी की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि तस्कर कोई पशु नहीं ले जा सके। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि कोई पुलिस कर्मी घायल नहीं हुआ है।
धनिया कुंडी स्थित मौनी बाबा कुटिया पर वर्तमान में कुल 23 गाय हैं। इनकी देखभाल बाबा और शिष्यों द्वारा की जाती है। इन पशुओं पर पशु तस्करों की निगाह पड़ चुकी है। यहां से लगातार पशुओं की चोरी की जा रही है। मौनी बाबा प्रेमदास जी महाराज थाने से लेकर एसपी तक इस मामले से अवगत करा चुके हैं। लेकिन, तस्करों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कुटिया पर दो होमगार्ड और दो पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
सोमवार की रात लगभग दो बजे एक पिकअप सवार आठ पशु तस्कर पहुंचे और गायों को उठाकर गाड़ी में चढ़ाने की कोशिश करने लगे। तभी होमगार्ड और पुलिसकर्मी पहुंच गए। इस पर पशु तस्करों ने पुलिस पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया।
लोगों के अनुसार, घटना में एक पुलिसकर्मी जख्मी हो गया और पुलिसकर्मी की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि तस्कर कोई पशु नहीं ले जा सके। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि थानाध्यक्ष तहबरपुर चंद्रदीप कुमार का कहना है कि कोई पशु चोरी नहीं हुई है। कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की है लेकिन कोई घायल नहीं हुआ है।
