51 टेट्रा पैक देशी शराब, 520 रुपये नकद और मोटरसाइकिल बरामद

आजमगढ़। एमएलसी चुनाव के मद्देनजर लागू शराबबंदी के दौरान अवैध रूप से देशी शराब बेचने जा रहे दो सेल्समैन को मुबारकपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51 टेट्रा पैक देशी शराब, बिक्री से प्राप्त 520 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को चौकी प्रभारी कस्बा मुबारकपुर उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बावन बीघा मैदान, शहीदनगर इस्लामपुरा के पास से दो आरोपियों को अवैध देशी शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय चौहान (36), पुत्र बाबूलाल चौहान और प्रेम चन्द (30), पुत्र मुन्नीलाल, निवासी प्यारेपुर, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।

ऊंचे दामों पर शराब बेचने जा रहे थे आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे शराब की दुकान पर सेल्समैन का काम करते हैं। चुनाव के कारण दुकानें बंद होने का फायदा उठाकर वे रोडवेज स्थित देशी शराब की दुकान से शराब लेकर मोटरसाइकिल पर बोरी में रखकर बम्हौर और अन्य स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचने जा रहे थे। बिक्री से होने वाले लाभ को दोनों आपस में बराबर बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार, संजय चौहान ने पूर्व में भी अवैध शराब बिक्री के मामले में पकड़े जाने की बात बताई है। रोडवेज स्थित देशी शराब की दुकान की संलिप्तता के संबंध में जांच की जा रही है।

आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के पास से 200 मिलीलीटर के 51 टेट्रा पैक विंडीज लाइम मसाला देशी शराब और 520 रुपये नकद बरामद किए। साथ ही, मोटरसाइकिल संख्या यूपी 54 बीएफ 3347 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। मामले में मुबारकपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 376/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, संजय चौहान के विरुद्ध जीयनपुर थाने में वर्ष 2021 में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 140/2021 भी दर्ज है।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल भानू पाण्डेय तथा कांस्टेबल रमाकान्त यादव, नन्दलाल कुशवाहा, सतेन्द्र यादव और कुलदीप सरोज शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *