पुलिस अभिरक्षा में गोरखपुर विश्वविद्यालय भेजी जा रहीं मतपेटिकाएं व गोपनीय अभिलेख
आजमगढ़, 23 अक्टूबर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 का मतदान शुक्रवार को जनपद आजमगढ़ के 23 मतदेय स्थलों पर सकुशल संपन्न हुआ। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चला। मतदान समाप्त होने के बाद पीठासीन अधिकारियों ने सील्ड मतपेटिकाओं और निर्वाचन से संबंधित आवश्यक प्रपत्रों को तहसील सदर स्थित 12बी2 मीटिंग हॉल में जमा कराया।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियों की वापसी के बाद सील्ड मतपेटिकाओं, गोपनीय अभिलेखों तथा संविदा-असंविदा प्रपत्रों के लिफाफों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस सुरक्षा में भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पीठासीन अधिकारियों एवं नियुक्त मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सशस्त्र पुलिस बल की अभिरक्षा में सभी निर्वाचन सामग्री को आयुक्त, गोरखपुर मंडल एवं रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा निर्धारित स्थल पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में जमा कराया जाएगा। निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
