पूजा सिंह ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग

दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट की जिलाध्यक्ष हैं पूजा सिंह

बोलीं—पति के साथ नृत्य करना गलत नहीं

प्रेसवार्ता कर पुलिस प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

खबर आजमगढ़ जिले से है। दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट की जिलाध्यक्ष पूजा सिंह ने सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ की जा रही अभद्र और अशोभनीय टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रेसवार्ता कर इस मामले में अपनी बात रखते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी महिला के निजी जीवन को लेकर अभद्र टिप्पणी करना निंदनीय है और इससे महिला के साथ-साथ उसके परिवार को भी मानसिक पीड़ा पहुंचती है।

पूजा सिंह ने बताया कि उनके द्वारा आयोजित कार्यक्रम के समापन के दौरान उन्होंने अपने पति के साथ नृत्य किया था। इसी को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे वह और उनका परिवार काफी आहत हैं। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी का एक साथ नृत्य करना किसी भी दृष्टिकोण से गलत नहीं है। इसके बावजूद इस सामान्य पारिवारिक व्यवहार को लेकर अशोभनीय टिप्पणियां करना अनुचित है।

 

उन्होंने सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दुरुपयोग से जोड़ते हुए कहा कि किसी को भी इस स्वतंत्रता की आड़ में किसी महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है। इस तरह की टिप्पणियां महिलाओं के सम्मान और गरिमा को प्रभावित करती हैं।

पूजा सिंह ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी महिला के खिलाफ इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी करने की हिम्मत कोई न कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *