कप्तानगंज, आजमगढ़।

थाना क्षेत्र कप्तानगंज के वाजिदपुर गांव में बच्चों के खेलने के मामूली विवाद को लेकर एक गर्भवती महिला के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता रानिका निषाद पत्नी सुखदेव निषाद ने बताया कि गांव के ही रमन, रामभवन, शीला देवी व हरेन्द्र सहित अन्य ने लाठी-डंडा व लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

पीड़िता के अनुसार, 4 जून की शाम करीब 6 बजे उक्त लोगों ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर उसे बुरी तरह पीटा, जिससे वह अचेत हो गई और गर्भपात हो गया। जब पति सुखदेव निषाद बीच-बचाव करने आए तो उन्हें भी हमलावरों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

गांववालों की सूचना पर मौके पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची, जिसके बाद दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर होते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने पुलिस रिपोर्ट के अभाव में मेडिकल परीक्षण करने से इनकार कर दिया।

पीड़िता का आरोप है कि थाना कप्तानगंज में कई बार तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। पीड़िता और उसके परिवार में भय का माहौल है और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप कर आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *