हरिऔध कला केंद्र में 50 उत्कृष्ट व्यापारियों को किया गया सम्मानित
आज दिनांक 28 जून 2025, दिन शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशन में राज्य कर विभाग द्वारा हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में दानवीर भामाशाह जयंती के उपलक्ष्य में व्यापारिक कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। इसके उपरांत लोक गायकों द्वारा लोकगीत और बच्चों द्वारा नृत्य प्रस्तुति दी गई।
सहायक आयुक्त (राज्य कर) राजेश शुक्ला ने दानवीर भामाशाह के जीवन व आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके त्याग और देशभक्ति से आज के व्यापारियों को प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम में जिले के सर्वाधिक करदाताओं में शामिल 50 व्यापारियों को “भामाशाह सम्मान” से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर व्यापारियों को संबोधित करते हुए अधिक से अधिक कर देने और राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग, उद्योग विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग, तथा समाज कल्याण विभाग की भी सहभागिता रही।
कार्यक्रम का संचालन डिप्टी कमिश्नर प्रशासन श्री धीरज राय ने किया जबकि संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) श्री राम सरोज ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
मुख्य रूप से उपस्थित अधिकारियों में डिप्टी कमिश्नर संजय शर्मा, असिस्टेंट कमिश्नर जितेंद्र सिंह, मिथिलेश कुमारी, व्यापार संघ से पद्माकर वर्मा, मनोज वर्मा, अपर आयुक्त हरी लाल प्रजापति और अपर जिलाधिकारी राहुल विश्वकर्मा सहित राज्य कर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न व्यापार संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
