आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोसड़ी के निवासी जगदीश कुमार ने एक सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके वृद्ध पिता की जमीन धोखे से हड़प ली गई। प्रार्थी का कहना है कि गांव के ही कुछ व्यक्तियों ने उनके पिता को वृद्धा पेंशन व किसान सम्मान निधि के पैसे निकलवाने के बहाने घर से बाहर ले जाकर रास्ते में नशीला पदार्थ खिला दिया और होश खो जाने के बाद उन्हें तहसील मार्टिनगंज ले जाकर उनकी कीमती भूमि का बैनामा प्रमिला देवी और विमला देवी के नाम करवा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाटा संख्या 536 / कुल रकबा 0.2000 हेक्टेयर भूमि में से 0.113 हे. प्रमिला देवी और 0.087 हे. विमला देवी के नाम की गई। पीड़ित का दावा है कि इस बैनामे के बदले तय की गई रकम के तहत केवल 6 लाख रुपये ही उनके पिता को दिए गए, वो भी बैंक से चेक द्वारा निकलवाकर आरोपियों ने खुद ले लिए, जबकि 10 लाख 20 हजार रुपये की शेष राशि अभी तक नहीं दी गई है।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने शेष राशि की मांग की तो उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की शिकायत उन्होंने पुलिस चौकी मार्टिनगंज में भी की, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं होने पर अब उन्होंने जिलाधिकारी आजमगढ़ से न्याय की गुहार लगाई है।
प्रार्थी ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी बैनामा निरस्त किया जाए और उनके पिता को पूरी धनराशि वापस दिलाई जाए। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्थानीय प्रशासन से इस गंभीर मामले में तत्परता से संज्ञान लेकर कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
