एल.एल. एम. यानी मास्टर आफ लॉ की प्रवेश परीक्षा की तिथि 15 जुलाई,

आजमगढ़ । महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ परिसर के स्नातक वर्ग की प्रवेश काउंसलिंग की तिथि 7 जुलाई 2025 समय 11:00 नियत की गई है, जिसमें छात्र परिसर में स्थित एकैडमी ब्लॉक वन के सेमिनार हाल में समय से पहुंचकर अपनी नियमानुसार काउंसलिंग करा कर निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करके अपना पाठ्यक्रम प्राप्त कर ले। वही प्रवेश समिति ने यह भी निर्णय लिया है कि मास्टर ऑफ ला की प्रवेश परीक्षा 15 जुलाई विश्वविद्यालय परिसर में सुबह 11:00 से 1:00 तक कराई जाएगी । अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से भी प्राप्त कर सकते हैं।

 

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि आजमगढ़ विश्वविद्यालय में स्नातक की कक्षाएं इस वर्ष से गतिमान होने जा रही है । विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो .संजीव कुमार के सतत प्रयास से स्नातक की कक्षाएं इस वर्ष के प्रथम सेमेस्टर में गतिमान हो जाएगी कुलपति ने कहा कि हम शुक्रगुजार हैं अपने उन सभी अभ्यर्थियों के जिन्होंने इतनी शॉर्ट नोटिस पर भारी संख्या में पंजीकरण कराकर विश्वविद्यालय के प्रति अपना विश्वास प्रदर्शित किया । हम सभी मिलकर यह प्रयास करेंगे कि जिस विश्वास के साथ नवांकुर प्रवेश ले रहे हैं उस विश्वास पर विश्वविद्यालय खरा उतरे ,विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल व गर्ल्स हॉस्टल को सुसज्जित कर दिया गया है तथा पठन-पाठन निर्वाध रूप से संचालित हो इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है विश्वविद्यालय परिसर में सुयोग्य शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया गतिमान है। परिसर को हरा भरा बनाने के लिए तथा शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए यथासंभव प्रयास किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय को जनपद के बुद्धिजीवी वर्ग स्वयंसेवी संस्थाएं प्रशासन एवं वन विभाग का अपेक्षित सहयोग भी प्राप्त हो रहा है। आवागमन को सुगम बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यथासंभव प्रयास किया जा रहा है।

कुलसचिव विश्वेश्वर प्रसाद एवं प्रवेश समिति के सचिव डॉ .महेश कुमार श्रीवास्तव ने अवगत कराया कि प्रवेश काउंसलिंग हेतु डॉ. सियाराम शुक्ल व डॉ. राजेश को संयोजक नियुक्त कर दिया गया है। विश्वविद्यालय परिसर के प्राध्यापक, कर्मचारी प्रवेश काउंसलिंग में यथोचित सहयोग प्रदान कर प्रक्रिया को सरल बनाने में सहयोग करेंगे। प्रवेश काउंसलिंग में सहभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं से यह अपेक्षित है कि समय का ध्यान रखें। छात्र-छात्राएं प्रवेश काउंसलिंग में शामिल होने के लिए अपने साथ हाई स्कूल एवं इंटर का मूल अंक पत्र जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र और वेज प्रमाण पत्र स्थानांतरण एवं चरित्र प्रमाण पत्र के साथ-साथ ई.डब्ल्यू.एस. का नवीनतम प्रमाण पत्र लेकर ही परिसर में पहुंचे जिससे प्रवेश लेते समय उन्हें किसी विपरीत परिस्थिति से दो चार न होना पड़े । प्रवेश समिति ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में मास्टर ऑफ ला यानी एल. एल. एम. की प्रवेश परीक्षा विश्वविद्यालय परिसर में 15 जुलाई 2025 को 11:00 से 1:00 तक कराए जाने पर सहमति बनी है। संबंधित अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा की सूचना उनके ई-मेल एवं एस.एम.एस. द्वारा भी दी जाएगी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी प्रवेश प्रक्रिया एवं स्नातक के प्रवेश काउंसलिंग की डिटेल प्राप्त की जा सकती है। प्रवेश प्रक्रिया में डॉ. शिवेंद्र , डॉ. परमानंद, डॉ. सपना , डॉ. धीरज, डॉ.अंकुर ,डॉ .सौरभ आदि प्रक्रिया को गतिमान बनाने में सहयोग प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *