आजमगढ़, तरवा थाना क्षेत्र
तरवा क्षेत्र के परमानपुर स्थित सौ शैय्या अस्पताल में इलाज के दौरान एक 12 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान लौरी गांव निवासी मदन राम की पुत्री अंशिका के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, अंशिका को फुंसी हो गई थी, जिससे वह पिछले कुछ दिनों से परेशान थी। बेहतर इलाज के लिए वे उसे सौ शैय्या अस्पताल लेकर गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बच्ची को एक इंजेक्शन लगाया। आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के कुछ ही मिनटों बाद ही अंशिका की हालत बिगड़ने लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टर पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि बिना समुचित जांच के इंजेक्शन दिया गया, जिसकी वजह से उनकी बेटी की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
