प्रधान संघ ने सेक्रेटरी और प्रधान के बचाव के लिए खोला मोर्चा
आजमगढ़ । जिले के विकासखंड अतरौलिया के सेलेरापट्टी गांव में बीते दिनों एक महिला द्वारा ग्राम पंचायत सचिव राजेश यादव को पैसा देने के वायरल वीडियो में एक नया मोड़ सामने आया है। प्रधान संघ ने पंचायत सचिव राजेश यादव और प्रधान के बचाव में मोर्चा खोल दिया है उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा के नेता अपना निजी स्वार्थ पूरा करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रताड़ित करते हैं और जब उनका निजी स्वार्थ पूरा नहीं होता है तो वह अधिकारियों और कर्मचारियों को फर्जी तरीके से फसाने का जाल बुनते हैं। शुक्रवार को विकासखंड मुख्यालय पर प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष किरण प्रकाश वर्मा कहा कि पंचायत सचिव राजेश यादव को गलत आरोप लगाकर और साजिश के तहत प्रायोजित तरीके से वीडियो बनाकर फसाया जा रहा है। वही पंचायत सचिव राजेश यादव ने वायरल हो रहे वीडियो के बारे में बताया कि वह समोसे की दुकान पर चाय पीने के बाद दुकान की मालकिन को पांच सौ का नोट दिए थे, दुकानदार के पास खुदरा न होने पर वह पैसा उन्हें वापस कर रही थी, उसी का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जिससे उनके सम्मान पर काफी ठेस पहुंचाई। इस संबंध में वह वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर वीडियो वायरल करने के विरुद्ध करवाई करने की मांग करेंगे।
वही ग्राम प्रधान ने ने कहा कि अभी आवास आया भी नहीं कैसे कोई पैसा मांग सकता है, यह चुनावी रंजिश को लेकर साजिश की गई है। पैसे मांगने का आरोप सरासर गलत है।
