डॉक्टर दंपति ने स्थानीय भाजपा नेता पर जबरन वसूली, गाली-गलौज और उनकी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास करने का लगाया गंभीर आरोप।

आजमगढ़, शहर के एक डॉक्टर दंपति ने स्थानीय भाजपा नेता पर जबरन वसूली, गाली-गलौज और उनकी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। डॉक्टर ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है, जिसमें अदालत के अंतरिम आदेश का पालन सुनिश्चित करने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। मामला भूमि विवाद से जुड़ा हुआ है, जो जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

तहरीर के अनुसार, डॉक्टर (अस्थि रोग विशेषज्ञ) और उनकी पत्नी डॉ. नाएमा अफरीन (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) ने बताया कि जून 2025 में बलरामपुर मौजा के गाटा संख्या 562 में 7500 वर्ग फुट जमीन खरीदी और निर्माण कार्य शुरू कराया। लेकिन 20 अगस्त 2025 को मयंक कुमार गुप्ता (पुत्र श्याम सुंदर गुप्ता, निवासी हर्रा की चुगी) अपने 15-20 साथियों के साथ साइट पर पहुंचे और मजदूरों, मिस्त्रियों तथा ठेकेदार को गालियां देकर काम बंद करने की धमकी दी।

डॉक्टर ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो मयंक गुप्ता ने खुद को भाजपा का नेता और कोषाध्यक्ष बताते हुए रुपये की मांग की। मना करने पर उन्होंने काम न करने देने की धमकी दी।

बताया कि मयंक गुप्ता अपने साथियों के साथ फिर से जमीन पर पहुंचे और अवैध कब्जे की नीयत से भाजपा कार्यालय का बोर्ड लगा दिया। वे कुर्सियां लगाकर बैठ गए और पूछताछ करने पर डॉक्टर के साथ अभद्रता, गाली-गलौज की परेशान होकर डॉक्टर ने न्यायालय की शरण ली, जहां मुनसिफ कोर्ट खंड शहर आजमगढ़ ने 21 अगस्त 2025 को अंतरिम निषेधाज्ञा जारी कर दी। तहरीर में मयंक गुप्ता को मनबढ़ और दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया गया है, जो खुद को भाजपा नेता बताकर अदालत के आदेश की अवहेलना कर रहा है।

इन सब मामलों को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने भी डॉक्टर के पक्ष में प्रेस वार्ता की। डॉक्टर के पक्ष की बात रखते हुए आईएमए ने हर स्तर से कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *