आजमगढ़। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने मंगलवार की शाम सायं 5 बजे अपने कार्यालय सभागार में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक कर शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में नवसाक्षरता कार्यक्रम, एम.वी.यू. (मोबाइल वैक्सीनेशन यूनिट), यू-डायस (U-DISE) डाटा अपलोडिंग, विद्यालयों में प्रेषित धनराशि के व्यय की प्रगति, स्पोर्ट्स ग्रांट एवं अन्य योजनाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बीएसए ने निर्देश दिया कि विद्यालयों में भेजी गई धनराशि का उपयोग नियमानुसार किया जाए और इसकी रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अमान्य विद्यालयों के संचालन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, विद्यालय निरीक्षण, छात्र उपस्थिति, तथा आईजीआरएस (शिकायत निस्तारण प्रणाली) के लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए ताकि विभाग की कार्यप्रणाली पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।

इसके अलावा ‘विकसित भारत वीरगाथा’ निर्माण की प्रगति, दिव्यांग बच्चों की ऑनलाइन उपस्थिति, यूडीआई पोर्टल पर पंजीकरण, एवं दिव्यांगता प्रमाणपत्र की स्थिति जैसे बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। बीएसए ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी दिव्यांग बच्चों का समय से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी को भी योजना का लाभ प्राप्त करने में दिक्कत न हो।

बैठक में सभी खंड शिक्षा अधिकारी, एआरपी, लेखा अधिकारी सहित विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *