आजमगढ़। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश संयोजक शिवमोहन शिल्पकार ने प्रेसवार्ता के दौरान जिला पंचायत में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अवैध निर्माण और विभिन्न विभागों में अनियमितताओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के विपरीत जिला पंचायत की करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन कार्यालय के समीप स्थित जिला पंचायत की भूमि पर बिना किसी वैधानिक आदेश के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उनका कहना था कि पूर्व में आबकारी विभाग का कार्यालय जिस भवन में संचालित होता था, उसे जर्जर स्थिति के कारण खाली करा दिया गया था, लेकिन अब उसी क्षेत्र की भूमि पर कथित रूप से अवैध निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है।
शिवमोहन शिल्पकार ने कहा कि आजमगढ़ विकास प्राधिकरण में लंबे समय से पर्याप्त अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति न होने से अनियमितताओं को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने जनपद के 22 विकासखंडों में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और घोटालों का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने बिजली विभाग पर मनमाने रवैये तथा नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में डस्टबिन खरीद, निर्माण कार्यों और अन्य योजनाओं में अनियमितताओं के आरोप लगाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे निजी अस्पतालों को लाभ मिल रहा है।
प्रदेश संयोजक ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि इन सभी बिंदुओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने बताया कि इसी माह के अंत तक आंदोलन की तिथि घोषित की जाएगी।
प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष बालचंद जैसवारा, दिनेश गुप्ता, अनिल जायसवाल, बेदी लाल वर्मा तथा जिला मीडिया प्रभारी अमित कुमार गौतम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
