आजमगढ़। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश संयोजक शिवमोहन शिल्पकार के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी आजमगढ़ से मुलाकात कर जिला पंचायत में कथित भ्रष्टाचार और सरकारी जमीनों पर अवैध निर्माण के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत की अरबों रुपये मूल्य की भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि कुछ स्थानों पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से नियमों की अनदेखी कर निर्माण कराया जा रहा है। पार्टी ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

शिवमोहन शिल्पकार ने कहा कि जिला पंचायत की संपत्तियों के संरक्षण और सार्वजनिक धन की सुरक्षा के लिए प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों के कार्यकाल में भी भूमि संबंधी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिनकी जांच आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।

श्री शिल्पकार ने चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जिला पंचायत सहित संबंधित विभागों के विरुद्ध व्यापक जन आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रभारी चंद्रमी गौतम, जिलाध्यक्ष बालचंद जैसवारा, सुक्लेश प्रधान, कृष्ण कुमार गौतम, रामसरन राम, राम नगीना, मोहम्मद इरफान, पुष्पा गौतम, नुरसबा मनिहार, तेज गौतम, शीला भारती, माधुरी भास्कर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *