आजमगढ़।
कड़ाके की ठंड के बीच नगर पालिका द्वारा शहर में की गई अलाव व्यवस्था आम जनता, यात्रियों और जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। नगर पालिका के निर्देश पर रोडवेज बस अड्डा, जिला अस्पताल, रेलवे स्टेशन सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाए गए हैं, जिससे ठिठुरन भरी ठंड में लोगों को गर्माहट मिल रही है।
मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत करने पर यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना की। रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर देर रात तक यात्रा करने वाले यात्रियों ने बताया कि अलाव की व्यवस्था से उन्हें ठंड से काफी राहत मिली है। वहीं जिला अस्पताल परिसर में मरीजों के तीमारदारों ने इसे संवेदनशील और मानवीय कदम बताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल ठंड में परेशानी होती थी, लेकिन इस बार नगर पालिका द्वारा समय रहते अलाव की व्यवस्था कर दी गई है, जिससे गरीब, मजदूर और असहाय लोगों को ठंड से बचाव मिल रहा है।
नगर पालिका की यह पहल न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि शहर की जनता की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष और प्रशासन का आभार जताते हुए अलाव की इस व्यवस्था को आगे भी लगातार जारी रखने की मांग की है।
