आजमगढ़। जनपद के थाना मुबारकपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चाड़ी में आबादी के बीच स्थित पुश्तैनी रास्ते को दबंगों द्वारा जबरन ईंट जोड़कर अवरुद्ध किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवारों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि ग्राम चाड़ी, थाना मुबारकपुर, तहसील सदर के निवासी पुष्पा देवी, कमलावती देवी व संजय सहित अन्य लोग अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं। पीड़ितों का मकान आराजी संख्या 128 में बना हुआ है, जो उनके पूर्वजों के नाम आवासीय पट्टे पर है। इसी जमीन में आने-जाने के लिए वर्षों पुराना रास्ता छोड़ा गया था, जिससे वे लोग निर्वाध रूप से आवागमन करते आ रहे थे।

आरोप है कि गांव के ही दबंग व्यक्ति पतिराम, जो कथित तौर पर असलहे का कारोबारी है और आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है, ने अपने भाई सतिराम के साथ मिलकर दिनांक 18 दिसंबर 2025 को उक्त मुख्य रास्ते को ईंट जोड़कर पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। रास्ता बंद हो जाने से पीड़ित परिवारों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।

पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने रास्ता बंद करने का विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय थाना मुबारकपुर को दी गई तथा 100 नंबर पर भी कॉल किया गया, लेकिन आरोप है कि पुलिस द्वारा अब तक रास्ते से ईंटें नहीं हटवाई गईं।

प्रार्थीगण का कहना है कि रास्ता अवरुद्ध होने से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। इसी कारण उन्होंने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर तत्काल रास्ता खुलवाने और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।

पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उनके सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *