आजमगढ़, 11 फरवरी 2026।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद आजमगढ़ में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराई जा रही है। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण पाना है।

इसी क्रम में विकासखंड पल्हनी की ग्राम पंचायत जाफरपुर में बुधवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नालियों की सफाई की गई, कूड़ा-कचरा हटाया गया तथा सार्वजनिक स्थानों पर झाड़ू लगाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखें, जिससे बीमारियों से बचाव संभव हो सके।

सफाई कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए “मेरा ग्राम पंचायत, मेरा जनपद, मेरा हाट-बाजार, टोला-मोहल्ला स्वच्छ और सुंदर रहे” का संदेश दिया। इस दौरान गुलाब चौरसिया, अभय चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

जनपद प्रशासन ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *