आजमगढ़, 20 फरवरी 2026।
महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में जनपद आजमगढ़ में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई का विशेष अभियान जारी है।
इसी क्रम में शुक्रवार को विकासखंड पल्हनी की ग्राम पंचायत करतालपुर में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के निर्देशन में नाला-नालियों की सफाई कराई गई। जाम पड़ी नालियों को साफ किया गया तथा सड़कों के किनारे उगी घास की कटाई कर झाड़ू लगाई गई। साथ ही संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव भी किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बदलते मौसम में संचारी रोगों के खतरे को देखते हुए यह अभियान और तेज किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई के माध्यम से बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। पूरे जनपद में ग्रामीण सफाई कर्मचारी अपने-अपने ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से सफाई कार्य कर रहे हैं।
आज के स्वच्छता अभियान में गुलाब चौरसिया, सुनील यादव, अभय चौहान, राम बच्चन, कमलेश कुमार, जागृति प्रसाद, मोहम्मद असलम, श्रीकृष्ण यादव, एहसान, रियाजुद्दीन, रामस्वरूप, सुनील कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनपद प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और कूड़ा इधर-उधर न फेंकें, ताकि गांव स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बन सके।
