आजमगढ़, शनिवार। जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजगंज–बिलरियागंज मार्ग पर बासथान मोड़ के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब गन्ना लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवती ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शोभा पुत्री शिवबचन अपने चचेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल से बिलरियागंज से महाराजगंज की ओर जा रही थी। बासथान मोड़ के समीप सामने से आ रहे गन्ना लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवती सड़क पर गिर पड़ी और पीछे लगी ट्रॉली की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी केदार नाथ मौर्या ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाए जाने की मांग की है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
