आजमगढ़ में आयुष इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की है। चंडेश्वर स्थित श्री दुर्गा जी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के इंटर्न छात्रों ने वर्तमान स्टाइपेंड को बढ़ाकर 7,500 से 25 हजार रुपये करने की मांग की है।
छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान वे मरीजों की सेवा और अस्पताल की जिम्मेदारियों में लगातार योगदान दे रहे हैं, लेकिन उन्हें मिलने वाला मानदेय बेहद कम है। ऐसे में उन्होंने समान काम के लिए समान मानदेय और सम्मानजनक स्टाइपेंड की मांग उठाई है।
छात्रों ने “समान काम, समान मानदेय” और “न्यायपूर्ण मानदेय हमारा अधिकार” जैसे नारों के साथ अपनी मांग रखी।
आयुष इंटर्न छात्रों ने सरकार से स्टाइपेंड में बढ़ोतरी कर 25 हजार रुपये करने की मांग करते हुए कहा कि उचित मानदेय न सिर्फ उनका अधिकार है, बल्कि इससे आयुष चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े छात्रों का सम्मान भी बढ़ेगा।
अब देखना होगा कि आयुष इंटर्न छात्रों की इस मांग पर जिम्मेदार अधिकारी और सरकार क्या कदम उठाते हैं।
