आजमगढ़। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, आजमगढ़ द्वारा आज उपभोक्ता जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों से संपर्क किया गया।
अभियान के दौरान आजमगढ़ मंडल के आयुक्त महोदय, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आजमगढ़, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) आजमगढ़, भाजपा गोपालपुर विधानसभा के प्रस्तावित प्रत्याशी श्री सत्येंद्र राय जी तथा सहायक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क कर संगठन द्वारा चलाए जा रहे एमआरपी (अधिकतम खुदरा मूल्य) जागरूकता अभियान एवं उपभोक्ता हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक राशि की वसूली के प्रति सजग रहने तथा बाजार में होने वाली अनियमितताओं के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में रक्षाबंधन कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों को रक्षा सूत्र बांधकर उपभोक्ता हितों की रक्षा, सामाजिक समरसता एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में गोरक्ष प्रांत के रोजगार सृजन प्रमुख श्री अभिषेक जी, श्री आशीष सिंह, जिला अध्यक्ष, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, आजमगढ़, उपाध्यक्ष श्री भानु प्रताप सिंह जी, महिला आयाम प्रमुख श्रीमती पूजा सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, आजमगढ़ द्वारा कहा गया कि जागरूक उपभोक्ता ही अपने अधिकारों की बेहतर रक्षा कर सकता है। संगठन का प्रयास है कि प्रत्येक उपभोक्ता को उसके अधिकारों, एमआरपी एवं बाजार में उपलब्ध वस्तुओं की सही कीमत के संबंध में जागरूक किया जाए। इस दिशा में संगठन द्वारा निरंतर जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाए जाते रहेंगे।
