चंदौली/मुगलसराय: फल एवं सब्जी विक्रेता वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा स्थायी उपमंडी और वेंडिंग जोन की मांग को लेकर लगातार धरना प्रदर्शन जारी है। इस आंदोलन को उस समय बड़ी राजनीतिक ताकत मिली जब मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने आंदोलनकारी कारोबारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का खुलकर समर्थन किया और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला।प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए डॉ. रागिनी सोनकर ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “एक गरीब के ठेले को पलटना सरासर तानाशाही है। प्रशासन द्वारा लगातार इन छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर अड़चन डालने का काम किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”विधायक ने फल और सब्जी विक्रेताओं को शहरी अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि ये लोग आम जनता की दैनिक जरूरतों को पूरा करते हैं। ऐसे में सरकार और प्रशासन को इनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना चाहिए न कि उनका उत्पीड़न करना चाहिए।उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से पुरजोर अपील की है कि वे इन गरीब और मध्यम वर्गीय विक्रेताओं की जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करें। डॉ. रागिनी सोनकर ने मांग की कि प्रशासन जल्द से जल्द सब्जी व फल विक्रेताओं के लिए स्थायी उपमंडी और वेंडिंग जोन की व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि वे बिना किसी डर या प्रताड़ना के अपना व्यापार कर सकें।
संवाददाता : हयात हुसैन अंसारी
