आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव की 14 वर्षीय छात्रा राशि गोंड की मौत के मामले में विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय में छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार और अपमानजनक टिप्पणियां की जाती थीं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। मामले में परिजनों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, राशि गोंड शाहगढ़ स्थित मां जगेसरा देवी इंटरमीडिएट कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। आरोप है कि विद्यालय में उसके साथ कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार किया जाता था। छह नवंबर 2026 को विद्यालय में रंगोली कार्यक्रम के बाद वह घर पहुंची, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। जहर सेवन की बात सामने आने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने पुलिस से संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने और आरोपों की सत्यता की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सिधारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
