आजमगढ़। त्योहारों के दौरान आमजन को निर्बाध एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सठियांव, मुबारकपुर एवं पल्हनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, बर्न वार्ड, प्रसव कक्ष, चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता तथा एंबुलेंस सेवाओं की तत्परता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने बर्न वार्ड में आग से झुलसे मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, आवश्यक औषधियों एवं चिकित्सा सुविधाओं की पड़ताल की। साथ ही 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली, उपलब्धता और आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एंबुलेंस सेवाएं प्रत्येक समय सक्रिय रहें तथा सूचना मिलते ही मरीजों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। सठियांव स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुरूप कुछ कार्मिकों की अनुपस्थिति एवं व्यवस्थागत कमियां संज्ञान में आईं। इस पर सीएमओ ने संबंधित केंद्र प्रभारी एवं अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। वहीं मुबारकपुर एवं पल्हनी में भी आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता और तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थित रहने, आपातकालीन सेवाओं में व्यवधान अथवा मरीजों के उपचार में अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने सभी चिकित्सा इकाई प्रभारियों को निर्देशित किया कि इमरजेंसी सेवाएं, बर्न वार्ड, प्रसव कक्ष, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं एंबुलेंस संचालन पूरी तरह सक्रिय रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आमजन को समय से समुचित उपचार मिल सके। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं तत्परता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और निगरानी की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
