एक बंगला, कुछ यादें और बदलते दौर की नौकरशाही…
कभी जिले की सत्ता के तीन प्रमुख केंद्रों में शुमार था सिविल सर्जन का यह आशियाना!
सात वर्ष पूर्व, 8 नवंबर 2019 को तत्कालीन मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. मिश्रा साहब के कार्यकाल में मेरे द्वारा फेसबुक पर लिखा गया एक संस्मरण। वक्त के साथ बदलते प्रशासनिक परिवेश में आज भी प्रासंगिक।
यह है जनपद आजमगढ़ के स्वास्थ्य विभाग के आला हाकिम यानी मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) का बंगला। दूसरे शब्दों में कहें तो जिले के महकमा-ए-सेहत का वह आशियाना, जहां से जनपद की तमाम स्वास्थ्य गतिविधियों की प्रशासनिक दिशा और दशा तय होती है।
कोरोना महामारी का वह भयावह दौर भला किसे भूला होगा! जब दिन और रात का फर्क मिट गया था, जब हर सांस के साथ जिंदगी की जंग जारी थी, तब इसी बंगले से संचालित स्वास्थ्य विभाग की पूरी मशीनरी जनता की सेवा में जुटी हुई थी। समय की सीमाओं से परे रहकर स्वास्थ्य महकमे ने अपनी प्रासंगिकता और जनता के प्रति जवाबदेही साबित करने की कोशिश की थी। यूं कहें कि उस कठिन दौर में इस बंगले की प्रशासनिक धड़कनें दिन-रात एक समान चलती रहीं।
अंग्रेजों के जमाने में निर्मित करीब ढाई-तीन एकड़ में फैला यह विशाल परिसर आज भी अपने भीतर इतिहास के कई पन्ने समेटे हुए है। इसके पुराने पेड़, चौड़ा परिसर और भवन की बनावट उस दौर की याद दिलाते हैं, जब यहां तैनात अधिकारी का पदनाम ‘सिविल सर्जन’ हुआ करता था और जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में उसकी हैसियत बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती थी।
कहते हैं कि उस दौर में जिले के प्रशासनिक सत्ता प्रतिष्ठान के तीन प्रमुख चेहरे हुआ करते थे—जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान और सिविल सर्जन। इनके साथ जनपद न्यायाधीश का भी अपना विशिष्ट स्थान था। सिविल सर्जन की प्रशासनिक और चिकित्सकीय प्रतिष्ठा का अंदाजा इसी पुराने किस्से से लगाया जाता है कि छुट्टी से लौटने के बाद जिलाधिकारी को भी अपनी फिटनेस संबंधी औपचारिकता पूरी करनी पड़ती थी। हालांकि, इस किस्से की ऐतिहासिक पुष्टि अपनी जगह है, लेकिन यह उस समय स्वास्थ्य प्रशासन के पद और प्रतिष्ठा को लेकर प्रचलित धारणा जरूर दर्शाता है।
समय बदला, पदनाम बदले और प्रशासनिक शक्तियों के केंद्र भी बदलते चले गए। कभी जिले के महत्वपूर्ण फैसलों में प्रभावी भूमिका रखने वाला स्वास्थ्य विभाग आज अनेक मामलों में दूसरे प्रशासनिक कार्यालयों की स्वीकृति और अनुमोदन का इंतजार करता दिखाई देता है। कई बार योजनाओं की फाइलें आगे बढ़ने के बजाय साहब की एक नजर-ए-इनायत के इंतजार में मेजों पर धूल फांकने लगती हैं। और बेचारे सीएमओ साहब! विभागीय जिम्मेदारियों के साथ-साथ फाइलों का पुलिंदा उठाए कलेक्टर साहब के बंगले और कार्यालय के चक्कर लगाते-लगाते अपनी आधी ऊर्जा तो रास्ते में ही खर्च कर देते हैं।
खैर! यह तो बदलते प्रशासनिक दौर की अपनी कहानी है। फिलहाल लौटते हैं इस ऐतिहासिक बंगले की ओर, जिसके साथ कुछ दिलचस्प और कुछ बेहद मार्मिक किस्से भी जुड़े हुए हैं।
एक किस्सा कभी सुनने को मिला था। जाड़े की एक दोपहर जनपद न्यायाधीश के बंगले पर किसी खास अवसर पर पार्टी आयोजित थी। जिले के जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान और सिविल सर्जन सहित कई प्रतिष्ठित लोग आमंत्रित थे। इनमें जिला चिकित्सालय के एक सर्जन साहब भी शामिल थे।
उस दौर में चिकित्सालय में मरीजों को देखने का निर्धारित समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक हुआ करता था। लेकिन पार्टी दोपहर बारह बजे चल रही थी और सर्जन साहब वहां मौजूद थे। सिविल सर्जन की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने अपनी कलाई पर बंधी घड़ी की ओर देखते हुए सहज ही पूछ लिया….
“डॉक्टर, इस वक्त तुम यहां?”
बस, इतना-सा सवाल उस सर्जन साहब को इतना नागवार गुजरा कि वे तत्काल वहां से उठे और सीधे चिकित्सालय स्थित अपने आवास पर पहुंच गए। दुर्भाग्यवश, उसी दिन उन्होंने आत्महत्या कर ली।
यह एक अत्यंत दुखद प्रसंग है। इसे उस दौर के अधिकारियों के रौब, मातहतों के अनुशासन और पदानुशासन की कठोरता के किस्से के रूप में सुनाया जाता रहा है। हालांकि, किसी अधिकारी की एक टिप्पणी को ऐसी दुखद घटना का एकमात्र कारण मानना उचित नहीं होगा। फिर भी यह प्रसंग उस समय की प्रशासनिक संस्कृति और अधिकारियों के बीच पदगत अनुशासन की एक अलग तस्वीर जरूर सामने रखता है।
बहरहाल! वह दौर अब इतिहास का हिस्सा है। सियासत बदली, नौकरशाही बदली, अधिकारियों के काम करने के तौर-तरीके बदले और समय के साथ इस बंगले की रौनक भी कुछ फीकी पड़ती चली गई। कभी जिस परिसर की हरियाली और साज-सज्जा उसकी गरिमा में चार चांद लगाती थी, धीरे-धीरे वही परिसर झाड़-झंखाड़ और उपेक्षा के हवाले होता चला गया।
हालांकि, तत्कालीन मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. मिश्रा के कार्यकाल में इस ऐतिहासिक परिसर को फिर से व्यवस्थित और आकर्षक बनाने की पहल शुरू हुई थी। पेड़-पौधों की छंटाई, साफ-सफाई और भवन के रंग-रोगन का काम कराया जा रहा था। वर्षों से बेतरतीब बढ़ चुकी हरियाली को नया आकार देने की कोशिश हो रही थी। अब देखना यह था कि यह पहल बंगले को उसकी पुरानी गरिमा के कितने करीब ले जा पाती है।
लेकिन साहब! बंगले की इस साफ-सफाई और पेड़-पौधों की छंटाई से सबसे ज्यादा बेचैनी शायद उन लोगों को हो रही थी, जो वर्षों से यहां रह रहे थे और जिनका पेड़ों से कुछ घरेलू रिश्ता भी बन चुका था। नींबू, आम, अमरूद और अंगूर के पेड़ों की छंटाई होते देख वे दबे जुबान अपनी चिंता कुछ इस अंदाज में जाहिर कर रहे थे….
“साहब, पेड़वा छंट जाई त फलवो कमे निकली! अरे, दिक्कत का रहे, थोड़ा ढकले-तुपले रहत त फलो खूब होत रहे!”
अब उन्हें कौन समझाए कि पेड़ों की छंटाई का मतलब उन्हें उजाड़ना नहीं, बल्कि उन्हें नया जीवन देना होता है। बेतरतीब बढ़ चुकी डालियां हटेंगी तो नई कोंपलें फूटेंगी, पेड़ों को पर्याप्त धूप और हवा मिलेगी और उनकी हरियाली पहले से कहीं अधिक आकर्षक हो उठेगी।
समझाने वाले भी उन्हें यही समझा रहे थे…..
“अरे मूर्ख! पेड़ कटवाया थोड़े ही जा रहा है, सिर्फ छंटवाया जा रहा है। अभी नई पत्तियां आएंगी, पेड़ और घने होंगे, फल भी देंगे और बंगला भी पहले से ज्यादा खूबसूरत लगेगा।”
अब इस पूरे घटनाक्रम को देखिए तो बात सिर्फ पेड़ों की छंटाई तक सीमित नहीं रह जाती। दरअसल, यह उस पुराने परिसर को फिर से संवारने की कोशिश थी, जो अपने भीतर एक लंबे प्रशासनिक इतिहास की गवाही समेटे हुए है।
किसी भी संस्था की पहचान केवल उसके पद, अधिकार और भवन से नहीं होती, बल्कि उसकी कार्यशैली, जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और समय के साथ खुद को बेहतर बनाने की क्षमता से होती है। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस ऐतिहासिक बंगले की तरह स्वास्थ्य विभाग की कार्यसंस्कृति और प्रशासनिक सक्रियता में भी नई कोंपलें फूटेंगी। पुरानी गरिमा लौटेगी, व्यवस्थाओं में सुधार होगा और जनसेवा की भावना और अधिक मजबूत होगी।
आखिरकार, पुराने पेड़ों की छंटाई इसलिए नहीं की जाती कि उनकी पहचान मिट जाए, बल्कि इसलिए कि वे फिर से हरे-भरे हो सकें। शायद यही बात इस बंगले और यहां से संचालित होने वाले पूरे स्वास्थ्य महकमे पर भी लागू होती है!
