देश की राजधानी दिल्ली, कश्मीर समेत उत्तर भारत के कई राज्य घने कोहरे की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तर भारत के कई राज्यों में मंगलवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर विजिबिलिटी 0-50 मीटर तक दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में विजिबिलिटी अलग-अलग इलाकों में 50-200 मीटर तक रही। मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा के अलावा उत्तराखंड के कई इलाकों में सुबह घना कोहरा देखने को मिला। मेघालय, असम, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 दिसंबर तक घना कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। उत्तर पश्चिम और निकटवर्ती मध्य भारत में अगले तीन से चार दिनों तक घने कोहरे का दौर जारी रहेगा।कश्मीर में भी ठंड का दौर जारी है। रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इससे पिछली रात दर्ज शून्य से नीचे 2.3 डिग्री सेल्सियस के तापमान से थोड़ा कम है। अधिकारियों के मुताबिक, कश्मीर घाटी में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर में सुबह करीब साढ़े नौ बजे कोहरे के कारण दृश्यता केवल 91 मीटर थी। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलानी चाहिए।

पश्चिमी यूपी में घना कोहरा छाए रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी
मुरादाबाद जिले और आसपास के तमाम इलाकों में मंगलवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को मुरादाबाद मंडल समेत पश्चिमी यूपी के अधिकतर इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिछले चौबीस घंटों में मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में रात का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले चौबीस घंटों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष अंतर आने की संभावना नहीं है।झारखंड में अगले पांच दिन तक मौसम बदलाव नहीं
झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम में बदलाव नहीं होगा। सुबह के दौरान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में कुहासा के साथ ठंड बनी रहेगी। उत्तर के हिस्सों में अधिक कुहासा पड़ सकता है। लेकिन रांची समेत आसपास और राज्य के दक्षिणी भागों में यह अपेक्षाकृत कम पड़ेगा। इन पांच दिनों के दौरान भी आमतौर पर आसमान साफ रहेगा। मंगलवार को रांची स्थित कांके का तापमान सबसे कम 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि रांची के शहरी भागों का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में जमशेदपुर का अधिकतम 27.2 और न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री दर्ज किया गया।

बिहार में पांच दिनों में न्यूनतम पारा हुआ दोगुना
बिहार में पिछले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान बढ़कर दोगुना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, 21 दिसंबर को किशनगंज में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री था। वहीं, मंगलवार यानी 26 दिसंबर को बांका व सबौर में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना सहित 20 शहरों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि और 11 में गिरावट आई। इस सीजन में पटना सहित प्रदेश के अधिकांश शहरों में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दो से 4 जनवरी के बीच बारिश हो सकती है। इसके कारण आसमान साफ होते ही तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *