आजमगढ़, 7 जुलाई। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के मंडल स्तरीय माटीकला पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, आजमगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मनोज मिश्रा ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में आजमगढ़, मऊ और बलिया जनपद के छह कारीगरों ने मिट्टी से बने विभिन्न उत्पादों जैसे मूर्तियां, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, गुलदस्ते और लैम्प आदि का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कारीगरों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

 

पुरस्कार वितरण में आजमगढ़ के रवि प्रजापति को प्रथम पुरस्कार के साथ 15 हजार रुपये, मऊ के अशोक प्रजापति को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 12 हजार रुपये तथा बलिया के संतोष कुमार प्रजापति को तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किए गए।

इस अवसर पर लोगों से अधिक से अधिक माटीकला उत्पादों के उपयोग की अपील की गई, ताकि स्थानीय कुम्हार शिल्पकारों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने लाभार्थियों को माटीकला उत्पादों के व्यावसायिक उपयोग तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी दी।

समारोह में बलिया एवं मऊ के जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, मंडल कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी और कारीगर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *