विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, लालगंज,आज़मगढ़

आज़मगढ़ के विद्युतकर्मी दिनाँक 09.07.2025 को करेंगे एक दिन की सांकेतिक हड़ताल, जनता से संयम बनाए रखने की अपील:प्रभु नारायण पांडेय

नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ़ इलेक्ट्रिसिटी इंप्लाइज एंड इंजीनियर्स के आह्वान पर देश भर में लगभग 27 लाख बिजली कर्मचारी उत्तर प्रदेश में किए जा रहे बिजली के निजीकरण के विरोध में 09 जुलाई को एक दिन की सांकेतिक हड़ताल करेंगे। इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल के साथ उप्र के एक लाख से अधिक बिजली कर्मचारी, संविदा कर्मी ,जूनियर इंजीनियर और अभियंता पूरे दिन कार्यालयों / कार्य स्थल के बाहर आकर व्यापक विरोध प्रदर्शन करेंगे।विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, आज़मगढ़ के पदाधिकारियों ने यहां बताया कि 09 जुलाई को होने वाली हड़ताल भारत सरकार और राज्य सरकारों की मुख्यतया निजीकरण की नीति के विरोध में की जा रही है। उन्होंने बताया कि 09 जुलाई की हड़ताल में बिजली के साथ रेल, बैंक, बीमा, बी एस एन एल, पोस्टल, केन्द्र सरकार के सार्वजनिक उपक्रम, केन्द्र सरकार और राज्य सरकार के कर्मचारी, निजी कल कारखानों के कर्मचारी आदि पूरे देश में लगभम 25 करोड़ कर्मचारी और मजदूर सम्मिलित होंगे। निजीकरण के विरोध में 09 जुलाई की हड़ताल ऐतिहासिक हड़ताल होगी।संघर्ष समिति ने बताया कि नेशनल कोऑर्डिनेशन कमिटी ऑफ़ इलेक्ट्रिसिटी इंप्लाइज एंड इंजीनियर्स की नोटिस में भारत सरकार से मांग की गई है कि वह हस्तक्षेप कर उत्तर प्रदेश सरकार को निर्देश दें कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम एवं दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण का फैसला बिजली कर्मचारियों के व्यापक हित में वापस लिया जाय। उन्होंने बताया कि 10 राष्ट्रीय ट्रेड यूनियनों के मांगपत्र में भी उप्र में दो विद्युत वितरण कंपनियां के निजीकरण के निर्णय को निरस्त करने की मुख्य मांग है।

संघर्ष समिति ने कहा कि इस प्रकार पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में 09 जुलाई को बिजली कर्मचारियों के अतिरिक्त सार्वजनिक उपक्रमों, अन्य उद्योगों, केन्द्र सरकार और राज्य सरकारों के कर्मचारी भी सड़क पर उतर कर उप्र के बिजली कर्मियों के साथ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे।

संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने आज सभी खण्डों

उपखण्डों और विद्युत उपकेंद्रों पर जाकर 09 जुलाई को किए जाने वाले व्यापक विरोध प्रदर्शन के सम्बन्ध में जनजागरण किया और तैयारी की।

संघर्ष समिति ने बताया कि 09 जुलाई को प्रदेश के समस्त आज़मगढ़, मऊ और बलिया में बिजली कर्मचारी, संविदा कर्मी,जूनियर इंजीनियर और अभियंता अपने कार्य स्थल से बाहर आकर पूरे दिन निजीकरण के विरोध में व्यापक विरोध प्रदर्शन करेंगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं को कोई दिक्कत न हो इस हेतु एक टीम सभी जनपदों में बना दी गई है।

संघर्ष समिति, आज़मगढ़ के पदाधिकारियों ने जनता से अपील की और एक दिन की सांकेतिक हड़ताल में सम्मिलित होकर सांकेतिक हड़ताल को सफल बनाने के लिए आग्रह किया और सांकेतिक हड़ताल के दौरान संयम बनाए रखने की अपील की. कल की सांकेतिक हड़ताल मे बड़ी संख्या में जनता, किसान, युवा, बेरोजगार और सभी विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में शिरकत करेंगे.आज की विरोध सभा लालगंज खंड के प्रांगण में आयोजित की गयी जिसमें मुख्य रूप से प्रभु नारायण पांडेय, अशेष, शशिकांत, अजय, संतोष, जय प्रकाश यादव, वेद प्रकाश यादव, रवि शंकर गुप्ता, रोशन यादव, काशी नाथ गुप्ता, नीरज त्रिपाठी, धीरज पटेल, रमाकांत यादव, चन्द्रशेखर यादव, तुषार श्रीवास्तव, संदीप चंद्र, अजय यादव, आकाश, अम्बर यादव आदि मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *