आजमगढ़, 12 अगस्त – “हर घर तिरंगा” अभियान के द्वितीय चरण के अंतिम दिन शिब्ली नेशनल कॉलेज में वृहद तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा म्यूज़िकल कॉन्सर्ट का आयोजन हुआ। प्राचार्य प्रो. अफ़सर अली ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में चीफ़ प्रॉक्टर डॉ. एहतेशामुल हक़, प्रो. मोहम्मद ख़ालिद, प्रो. अहमद अली, डॉ. आसिम ख़ान व डॉ. जफर आलम सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, लघु नाटक और रचनात्मक प्रस्तुतियों से माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कॉलेज परिसर को तिरंगे के रंगों से सजाया गया। मेले में एनएसएस, एनसीसी और विभिन्न विभागों के छात्रों ने तिरंगे रंगों में भारत का नक्शा, राष्ट्रीय ध्वज और इंडिया गेट की आकृतियाँ बनाईं। तिरंगे थीम वाले खाद्य स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. नफ़ीस अहमद, प्रो. रियाज़ मोहसिन ख़ान, डॉ. मीसम अब्बास, डॉ. शफ़ीउज़्ज़मा, डॉ. अब्दुल ग़फ़्फ़ार, श्री नसीम ख़ान और फ़ैज़ान अहमद ने किया।
प्राचार्य ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नागरिकों में देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना को प्रबल करते हैं।
