मुबारकपुर, आज़मगढ़। संवाददाता – शरफुद्दीन आज़मी

स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पियरोपुर स्थित मंझरिया गांव के मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह करीब 11 बजे अज्ञात हमलावरों ने 54 वर्षीय एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, पतिराज यादव (54 वर्ष) पुत्र झन्क यादव, निवासी पियरोपुर, सोमवार को क्षेत्र से दूध एकत्र कर मुबारकपुर बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे अपने दो पहिया वाहन से मंझरिया मुख्य मार्ग पर पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शशि मौलि पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।

थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार को दी, जिन्होंने मौके का निरीक्षण किया और मीडिया से बताया कि घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।

मौके पर एसओजी प्रभारी राजकुमार सिंह, जहानागंज व जीयनपुर कोतवाली के थानाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ अधिकारी डेरा जमाए हुए हैं।

फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर जांच प्रयोगशाला के लिए भेज दिए हैं।

बताया जा रहा है कि करीब एक माह पूर्व मृतक के घर किसी युवती से जुड़ी घटना और वीडियो वायरल के मामले में रंजिश चली आ रही थी, जिसे पुलिस मुख्य कारणों में से एक मानकर जांच कर रही है।

मृतक पतिराज यादव अपने पीछे तीन पुत्र और दो पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *