आजमगढ़। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सोमवार से जिले के 32 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई। पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। कुल 22,140 में से 20,072 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2,068 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 10,045 और दूसरी पाली में 10,085 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए डायट की ओर से 70 पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 27 से 29 अक्तूबर तक चलेगी, जबकि तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 30 अक्तूबर से 3 नवंबर तक निर्धारित है। डायट प्राचार्य अमरनाथ राय ने बताया कि प्रथम सेमेस्टर के तहत पहले दिन ‘बाल विकास और शिक्षण-अधिगम के सिद्धांत’ विषय की परीक्षा हुई।28 अक्तूबर को विज्ञान, गणित और सामाजिक अध्ययन तथा 29 अक्तूबर को हिंदी, संस्कृत/उर्दू और कंप्यूटर विषयों की परीक्षा के साथ प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा संपन्न होगी। वहीं, तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में 30 अक्तूबर को शैक्षिक मूल्यांकन, क्रियात्मक शोध एवं नवाचार और समावेशी शिक्षा, 31 अक्तूबर को विज्ञान, गणित और सामाजिक अध्ययन, व 3 नवंबर को हिंदी, संस्कृत/उर्दू और कंप्यूटर विषयों की परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए कुल 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट व दो उड़नदस्ता अपनी पैनी नजर बनाए रखी।
