आज़मगढ़।
समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव आज अपने विधायकों के साथ जिलाधिकारी से मिले और बीएलओ द्वारा मतदाताओं के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए एक पत्रक सौंपा। सांसद ने कहा कि बड़ी संख्या में शिकायतें मिल रही हैं, जिन्हें प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए।
जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद सांसद धर्मेंद्र यादव ने बीजेपी सांसद निरहुआ पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “वे इतने बड़े बड़बोले हैं कि ब्रह्मा को भी चुनौती दे देते हैं, ऐसे लोगों को जवाब देना उचित नहीं समझते।” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष कर रही है और 2027 में जनता वर्तमान सरकार को उसके अत्याचार और दमनकारी नीतियों का कड़ा जवाब देगी।
सांसद ने आरोप लगाया कि एसआईआर सरकार का चुनाव जीतने का हथकंडा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वोट ही सबसे बड़ा हथियार है और लोकतंत्र, संविधान तथा आरक्षण की रक्षा के लिए सभी को अपने मत का सही उपयोग करना चाहिए। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और युवाओं की समस्याओं को उन्होंने बड़ा मुद्दा बताया।
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि बीजेपी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित करती है। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन ने 43 सीटें जीतीं, जबकि पाँच सीटों पर काउंटिंग में बेइमानी हुई। वाराणसी में प्रधानमंत्री की जीत के दावों पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
बिहार चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अभी परिणाम आए हैं, जल्द ही समीक्षा की जाएगी।
साथ ही उन्होंने बताया कि पिछले लोकसभा चुनाव में एक लाख 10 हजार रेड कार्ड जारी किए गए थे, इसके बावजूद आज़मगढ़ की जनता ने समाजवादी पार्टी को जीत दिलाई।
