आजमगढ़। अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले जनपद में “पेंशन के नाम पौधारोपण अभियान” के तहत देश के शहीद जवानों की स्मृति में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम तमसा तट स्थित पचपेड़वा घाट पर रविवार को संपन्न हुआ, जहां चितवन व पाकड़ के पौधे लगाए गए।

पौधारोपण के माध्यम से वक्ताओं ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल किए जाने की मांग करते हुए देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री से अपील की। उन्होंने कहा कि बुढ़ापे का सहारा पुरानी पेंशन है, इसे हर हाल में लागू किया जाना चाहिए। साथ ही निजीकरण बंद कर सरकारी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई।

ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की ओर से जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि हर रविवार पुरानी पेंशन के समर्थन में पौधारोपण किया जा रहा है। यह अभियान सीमा पर शहीद हुए जवानों को समर्पित है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के नेतृत्व में ओपीएस के लिए लगातार संघर्ष किया जा रहा है और जब तक पुरानी पेंशन लागू नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

अटेवा के जिला मीडिया प्रभारी गुलाब चौरसिया ने कहा कि पुरानी पेंशन सभी कर्मचारियों का हक है, जिसे सरकार को देना होगा। अटेवा शिक्षक बद्री प्रसाद गुप्ता ने कहा कि डॉ. राम आशीष सिंह की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और सरकार से पुरानी पेंशन की मांग बुलंद आवाज़ में की जाती रहेगी।

नवल किशोर ने कहा कि निजीकरण के कारण पुरानी व्यवस्था खत्म की जा रही है, जिसे रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो पेंशन की बात करेगा, वही देश पर राज करेगा।

कार्यक्रम में सीपी यादव, गुलाब चौरसिया, रमेश कुमार यादव, राजबहादुर चौधरी, अभय चौहान, सुनील यादव, सुनील सिंह, मनोज मौर्य, दिनेश यादव, बद्री प्रसाद गुप्ता, नवल किशोर, राधेश्याम, प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *