संवाददाता आजमगढ़

आजमगढ़। मंगलवार को आजमगढ़ मंडलीय चिकित्सालय परिसर में नवनिर्मित मॉड्यूलर भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक (एसआईसी) डॉ. ओम प्रकाश सिंह, ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्रा एवं ब्लॉक प्रमुख रमेश द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन के पश्चात अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को भवन की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर एसआईसी डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि मॉड्यूलर भवन का निर्माण काफी समय पूर्व पूर्ण हो चुका था, लेकिन कुछ कारणों से इसका उद्घाटन एवं संचालन नहीं हो पाया था। अब सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हुए भवन को चालू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सालय में डेंटल लैब के लिए लंबे समय से स्थान की समस्या बनी हुई थी, जिसे अब चिन्हित कर लिया गया है। सीएमओ कार्यालय से बजट प्राप्त होते ही डेंटल लैब का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

डॉ. सिंह ने बताया कि मॉड्यूलर भवन में ऑपरेशन के बाद मरीजों की निगरानी के लिए पांच बेड की व्यवस्था की गई है। यहां मरीजों को कम से कम तीन घंटे तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा, जिससे उन्हें तत्काल बाहर भेजने की मजबूरी नहीं रहेगी। मरीज की स्थिति सामान्य होने पर ही उसे वार्ड में शिफ्ट अथवा रेफर किया जाएगा, जिससे उपचार अधिक सुरक्षित हो सकेगा।

वहीं ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्रा ने कहा कि यह भवन वर्ष 2013 में बनकर तैयार हो गया था, लेकिन अब जाकर इसका संचालन संभव हो सका है। उन्होंने एसआईसी डॉ. ओम प्रकाश सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश और देश में निरंतर विकास कार्य कर रही है तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *