आजमगढ़।
देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा (ATEWA) के बैनर तले ग्रामीण सफाई कर्मचारी साथियों द्वारा लगातार पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार, 28 दिसंबर 2025 को जनपद के ग्राम पंचायत बेलानाडीह (छतवारा) में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हिंदुस्तान के पत्रकार उदय राज शर्मा के आवास पर अमरूद का पौधा लगाया गया। इस अवसर पर ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने बताया कि जनपद के मीडिया कर्मियों के घर जाकर पौधारोपण किया जा रहा है और मीडिया के साथी पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर उनके आंदोलन का खुलकर समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समर्थन कर्मचारियों की लड़ाई को मजबूती देगा और निश्चित रूप से मेहनत रंग लाएगी।
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, तब तक यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा। पेंशन पुरुष एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के नेतृत्व में देशभर के कर्मचारी एकजुट होकर इस आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यालय सचिव सुनील सिंह ने बताया कि पौधारोपण के माध्यम से सरकार तक अपनी मांग पहुंचाई जा रही है। यह हक की लड़ाई है और पुरानी पेंशन को लागू किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
मीडिया कर्मी रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों की यह मांग जायज है और सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करते हुए पुरानी पेंशन बहाल करनी चाहिए। वहीं अमित कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस आंदोलन को लगातार समर्थन दिया जा रहा है। छविनाथ ने कहा कि अटेवा के देशभर के कर्मचारी पेंशन की लड़ाई में निरंतर सहभागिता कर रहे हैं।
पौधारोपण कार्यक्रम में सीपी यादव, गुलाब चौरसिया, सुनील सिंह, बृजेश यादव, उदय राज शर्मा, रामेश्वर शर्मा, अमित कुमार, छविनाथ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
