आजमगढ़।
जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शुक्रवार को दिनांक 16 जनवरी 2026 को सर्वोदय पब्लिक स्कूल, आजमगढ़ में दो दिवसीय स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को लेकर स्कूल वाहन चालकों व परिचालकों के स्वास्थ्य की जांच कर दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा।
शिविर में सर्वोदय पब्लिक स्कूल, जीडी ग्लोबल स्कूल, आजमगढ़ पब्लिक स्कूल, सेंट्रल पब्लिक स्कूल, जयपुरिया स्कूल सहित अन्य विद्यालयों के कुल 120 चालक एवं परिचालकों का नेत्र व सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय जांच के दौरान आंखों की रोशनी, रक्तचाप, शुगर सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए।
इस अवसर पर चिकित्सा विभाग से डॉ. नीतिश सिंह, श्री के. के. पांडे, संगीता राय तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) परिवर्तन अतुल कुमार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग, नियमित स्वास्थ्य जांच और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ चालक ही सुरक्षित सड़क व्यवस्था की नींव होते हैं। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी। शिविर के आयोजन को लेकर विद्यालय प्रशासन व प्रतिभागियों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
