आजमगढ़।
सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली मोहल्ले में शुक्रवार को नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे नाले की सफाई कार्य के दौरान नगर पालिका सभासद सन्तोष चौहान पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में सभासद के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह कुछ देर के लिए बेहोश हो गए। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार करीब साढ़े तीन बजे वार्ड संख्या 01 के सभासद सन्तोष चौहान (पुत्र प्रभाकर चौहान), निवासी नरौली मोहल्ला, सफाई कार्य की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही जितेन्द्र चौहान पुत्र रामनाथ चौहान और मोहित चौहान पुत्र जितेन्द्र ने सफाई कार्य पर आपत्ति जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इनके साथ वतन, रतन और राहुल भी शामिल हो गए और सभी ने मिलकर सभासद के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने लोहे की रॉड, फावड़ा, लाठी-डंडा और ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिससे सभासद के सिर में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित सभासद ने सिधारी थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर भी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
