आजमगढ़।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी का सपना था कि मेरा देश, मेरा प्रदेश, मेरा जनपद और मेरी ग्राम पंचायत स्वच्छ एवं सुंदर हो। इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में आजमगढ़ जनपद निरंतर आगे बढ़ रहा है।
संचारी रोग रोकथाम नियंत्रण अभियान के तहत जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देशानुसार विकासखंड पल्हनी की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य साफ-सफाई के माध्यम से विभिन्न रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाना है।
इसी क्रम में आज दिनांक 22 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत एकरामपुर में ग्राम प्रधान की देखरेख में उस स्थल एवं मार्गों की व्यापक साफ-सफाई की गई, जहां कार्यक्रम प्रस्तावित है। अभियान के दौरान सड़क के दोनों किनारों से कचरा हटाया गया, झाड़ू लगाई गई तथा नालियों की साफ-सफाई कर जलजमाव को समाप्त किया गया।
सफाई कर्मी गुलाब चौरसिया ने बताया कि यदि व्यक्ति कर्म पर विश्वास और भगवान के प्रति श्रद्धा रखे, तो परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, रास्ता अवश्य निकलता है। उन्होंने सभी से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।
इस विशेष स्वच्छता अभियान में गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, महेंद्र कुमार सहित अन्य सफाई कर्मी उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत एकरामपुर,
विकासखंड पल्हनी,
जनपद आजमगढ़।
