आजमगढ़।
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पल्हनी, आजमगढ़ में दिनांक 27 जनवरी 2026 को विशाल मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मानसिक रोगों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं समय पर उपचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सुरेश शर्मा, सदस्य जिला कार्यकारी समिति भाजपा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री बाबू रामचंद्र चौहान, नववर्तमान मंडल अध्यक्ष पल्हनी, आजमगढ़ उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया और मानसिक स्वास्थ्य को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए जागरूकता पर बल दिया।
इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. शकील अहमद की अध्यक्षता में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा मानसिक रोगों से संबंधित परामर्श एवं उपचार सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. हर्ष सिंह, डॉ. मुकेश विश्वकर्मा, डॉ. शारीक वजूद शाह, डॉ. सुमित कुमार (मनोचिकित्सक), सौरव कुमार, नेहा यादव सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
चिकित्सकों ने बताया कि अवसाद, अनिद्रा, चिड़चिड़ापन, तनाव, घबराहट जैसी समस्याएं भी मानसिक रोगों के लक्षण हो सकते हैं, जिनका समय रहते इलाज आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मानसिक बीमारी को छिपाएं नहीं, बल्कि उपचार कराएं क्योंकि यह भी अन्य बीमारियों की तरह ही है।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क परामर्श एवं जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समस्त स्वास्थ्य इकाई प्रबंधन एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
