आजमगढ़। जनपद के विख्यात शिक्षण संस्थान चिल्ड्रेन कॉलेज एंड स्कूल्स में ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मधुर गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं भावपूर्ण उद्बोधनों के माध्यम से ऐसा माहौल बनाया कि पूरा परिसर भावनाओं से सराबोर हो गया।
इस विदाई समारोह में संस्थान की सभी शाखाओं—चिल्ड्रेन कॉलेज, चिल्ड्रेन सीनियर सेकेंड्री स्कूल, चिल्ड्रेन हायर सेकेंड्री स्कूल तथा चिल्ड्रेन सीनियर सेकेंड्री गर्ल्स स्कूल—के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट वक्ताओं में संस्थान के प्रबंधक डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी, संस्थापक प्राचार्या सुश्री रीता राठौर, शैक्षणिक सलाहकार श्री एस. पी. शुक्ल, वरिष्ठ उपाध्यक्षा सुश्री नियति त्रिपाठी, चिल्ड्रेन सीनियर सेकेंड्री स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती सपना सिंह तथा गर्ल्स विंग के प्रधानाचार्य श्री सतीश त्रिपाठी शामिल रहे। सभी ने अपने प्रेरक उद्बोधनों के माध्यम से बारहवीं के छात्र-छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने, लक्ष्य निर्धारण करने एवं परिश्रम के बल पर सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सीनियर्स को शुभकामनाओं के साथ विदा किया, वहीं सीनियर विद्यार्थियों ने भी अपने विद्यालय और शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
