आजमगढ़, 19 फरवरी 2026।
आजमगढ़ जनपद में जिला अधिकारी के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार के निर्देशन में विकासखंडों की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा व्यापक साफ-सफाई की गई।
अभियान के तहत हाट-बाजार, टोला-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों तथा शादी-विवाह एवं तिलक समारोह वाले स्थानों के आसपास सड़कों की दोनों पटरियों की विशेष रूप से सफाई कराई गई। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत दवा का छिड़काव भी किया गया।
विकासखंड पल्हनी की ग्राम पंचायत एकरामपुर के यादव बस्ती में नालियों की सफाई, कचरा हटाने, झाड़ू लगाने और कीटनाशक दवा का छिड़काव किया गया। यह कार्य ग्राम प्रधान की देखरेख में संपन्न हुआ।
सफाई अभियान में गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, महेंद्र शर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी ग्राम पंचायतें स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनी रहें।
