आजमगढ़, 22 फरवरी 2026। भोजपुरी विकास संस्थान द्वारा जिला कार्यालय पर एक भव्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत बनाने और उसकी गतिविधियों को ब्लॉक स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में जनपद के 22 ब्लॉकों के ब्लॉक प्रभारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान संगठन के विस्तार को गति देते हुए 11 नए ब्लॉक प्रभारियों का विधिवत मनोनयन किया गया। सभी नवमनोनीत ब्लॉक प्रभारियों को अंगवस्त्र, पुष्पमाला एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संगोष्ठी में संगठन के पदाधिकारियों ने भोजपुरी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं उसे संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों को प्रत्येक ब्लॉक स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवराज सिंह परिहार को मुख्यालय प्रभारी, अशोक सिंह को मंडलीय कार्यालय प्रभारी तथा गजराज प्रसाद को आजमगढ़ जिला संयोजक के रूप में मनोनीत किया गया। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और भोजपुरी भाषा के सम्मान एवं अधिकार के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया।
वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भोजपुरी अस्मिता की मजबूती है। सभी ब्लॉक प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर भोजपुरी भाषा के सम्मान, अधिकार एवं पहचान की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प लिया।
