मऊ। नगर पंचायत क्षेत्र चिरैयाकोट (जनपद मऊ) के औसतपुर स्थित बूथ संख्या 356 पर 75 भरे हुए फॉर्म-7 मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बीएलओ बलवंत कुमार ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व खुद को भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता बताने वाले व्यक्ति ने उन्हें ये फॉर्म-7 सौंपे थे।
ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी हुई तो मतदाता सूची से नाम कटने की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई। शनिवार को ग्रामीणों ने मामले की शिकायत मोहम्मदाबाद गोहाना के विधायक राजेंद्र कुमार से की।
सोमवार को विधायक राजेंद्र कुमार औसतपुर पहुंचे और बीएलओ व ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मोहम्मदाबाद गोहाना के एसडीएम से फोन पर बात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश देने की मांग की, ताकि किसी भी मतदाता का नाम बिना वैध प्रक्रिया के न काटा जा सके।
क्षेत्र में अब यह सवाल उठ रहा है कि 75 भरे हुए फॉर्म-7 किसने और किन परिस्थितियों में जमा कराए। ग्रामीणों ने प्रशासन से पारदर्शी जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
