कोटेदार द्वारा पत्रकार को जान से मारने की धमकी का आरोप, एसपी को सौंपा ज्ञापन

संवाददाता गोंडा
गोण्डा । जनपद गोंडा के ग्राम धनौली में एक कोटेदार द्वारा पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना से पत्रकारों में भारी आक्रोश फैल गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले के कई पत्रकारों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकारों का आरोप है कि ग्राम धनौली के कोटेदार द्वारा समाचार कवरेज को लेकर नाराजगी जताते हुए एक पत्रकार को धमकी दी गई और जान से मारने की बात कही गई। इस घटना के बाद पत्रकारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पत्रकारों का कहना है कि इस तरह की धमकियां न सिर्फ एक व्यक्ति को डराने की कोशिश हैं बल्कि यह स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता पर भी हमला है।
ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी कोटेदार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हो सकें।
पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो जिले के पत्रकार आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ है और उसकी सुरक्षा तथा सम्मान बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इस दौरान कई पत्रकार संगठन के प्रतिनिधि और स्थानीय पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि पत्रकारों में फैले आक्रोश को शांत किया जा सके और न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *