आजमगढ़, 16 मार्च 2026।

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत प्रदेश स्तर पर आयोजित डीबीटी कार्यक्रम का जनपद में कलेक्ट्रेट सभागार से सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के 90,000 लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹900 करोड़ की पहली किस्त सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

जनपद आजमगढ़ में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी/पीडी डूडा संजीव ओझा एवं परियोजना अधिकारी डूडा/अपर मजिस्ट्रेट संजय चावला सहित अन्य अधिकारियों व लाभार्थियों ने कार्यक्रम को देखा और सुना। इस अवसर पर 553 लाभार्थियों के खातों में ₹1-1 लाख की प्रथम किश्त भेजी गई तथा उन्हें प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि “हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना घर हो” और प्रदेश सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब वंचितों का सम्मान हो रहा है और हर गरीब को पक्का मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत आर्थिक रूप से कमजोर, निम्न व मध्यम आय वर्ग के शहरी परिवारों को आवास निर्माण/क्रय हेतु सहायता प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत कुल ₹2.5 लाख की अनुदान राशि तीन किश्तों—₹1 लाख, ₹1 लाख और ₹50 हजार—में दी जाती है। साथ ही 12 माह के भीतर आवास पूर्ण करने पर ₹10,000 का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी दिया जाता है।

परियोजना अधिकारी संजय चावला ने जानकारी दी कि जनपद में स्वीकृत 2914 आवासों में से पूर्व में 2304 लाभार्थियों को पहली किश्त दी जा चुकी है, जबकि शेष 553 लाभार्थियों को आज भुगतान किया गया।

कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, विभिन्न निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं सैकड़ों लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *