आजमगढ़। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार के निर्देश पर ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में विकासखंड पल्हनी के ग्राम पंचायत एकरामपुर में 21 मार्च 2026 को नवरात्र के पावन अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत काली जी के मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई।
इस दौरान ग्राम प्रधान की देखरेख में सफाई कर्मचारियों और ग्रामीणों ने मिलकर मंदिर परिसर, हाट-बाजार, टोला-मोहल्लों को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। स्वच्छता अभियान के माध्यम से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने का संदेश भी दिया गया।
अभियान में उपस्थित लोगों ने “हम सब ने ठाना है, स्वच्छ भारत बनाना है” के संकल्प को दोहराते हुए स्वच्छ ग्राम पंचायत बनाने की दिशा में सक्रिय योगदान देने की बात कही। साथ ही वर्तमान समय में फैल रही विभिन्न बीमारियों की रोकथाम के लिए साफ-सफाई को आवश्यक बताया गया।
इस अवसर पर गुलाब चौरसिया, अभय चौहान सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।
