ग्राम पंचायत बाग लखनऊ में विशेष सफाई अभियान, ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने का दिया संदेश

आज़मगढ़। “स्वच्छता की अलख जगाना है, स्वच्छ आजमगढ़ बनाना है” के संकल्प के साथ जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर विकासखंड पलानी के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज दिनांक 3 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत बाग लखनऊ में ग्राम प्रधान के देखरेख में सफाई कर्मचारियों ने नाली-नालों की सफाई, घास की कटाई एवं कूड़ा निस्तारण का कार्य किया। बढ़ते मच्छर जनित रोगों के प्रकोप को देखते हुए यह अभियान विशेष रूप से चलाया जा रहा है, जिससे बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। सफाई कर्मियों एवं स्थानीय लोगों ने घरों के आसपास नियमित साफ-सफाई रखने की अपील की। ग्राम पंचायत के सक्रिय सदस्य गुलाब चौरसिया ने बताया कि स्वच्छता हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे अपनाकर ही हम बीमारियों से बच सकते हैं।

उन्होंने कहा कि गांव में लगातार सफाई कार्य जारी रहेगा और लोगों को भी इसमें सहयोग करना चाहिए। इस अभियान में अभय चौहान, सुनील यादव, रामबचन सहित कई ग्रामीणों की सहभागिता रही।

स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता और सामूहिक प्रयास से ग्राम पंचायत को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *